खरखौदा मारुति सुजुकी संयंत्र विश्व की प्रमुख वाहन निर्माण इकाइयों में शामिल
मारुति सुजुकी का खरखौदा स्थित अत्याधुनिक वाहन निर्माण संयंत्र हरियाणा को वैश्विक ऑटोमोबाइल उत्पादन केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। करीब 800 एकड़ में विकसित इस परियोजना में एकीकृत सप्लायर पार्क भी बनाया गया है, जहां ऑटोमोबाइल कंपनियां अपनी इकाइयां स्थापित कर सकेंगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जापान की प्रधानमंत्री सानाए ताकाइची ने नई दिल्ली में आयोजित 16वें भारत-जापान वार्षिक सम्मेलन एवं भारत-जापान संयुक्त आर्थिक मंच के दौरान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संयंत्र का उद्घाटन किया। यह परियोजना भारत और जापान के बीच औद्योगिक सहयोग को मजबूत करने के साथ हरियाणा को वाहन विनिर्माण के वैश्विक मानचित्र पर नई पहचान प्रदान करेगी।
कंपनी इस परियोजना में चरणबद्ध तरीके से करीब 35 हजार करोड़ रुपये का निवेश करेगी। संयंत्र की शुरुआती उत्पादन क्षमता पांच लाख वाहन प्रतिवर्ष है, जिसे आगे बढ़ाकर 10 लाख वाहन सालाना करने की योजना है। इस विस्तार के बाद कंपनी की कुल उत्पादन क्षमता 40 लाख वाहन प्रतिवर्ष तक पहुंचने की दिशा में आगे बढ़ेगी।
परियोजना से राज्य में 21 हजार से अधिक प्रत्यक्ष रोजगार सृजित होने का अनुमान है। इसके अतिरिक्त परिवहन, लॉजिस्टिक्स, हॉस्पिटैलिटी और सहायक उद्योगों में बड़ी संख्या में अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर विकसित होंगे।
‘सुजुकी स्मार्ट फैक्ट्री’ की अवधारणा पर आधारित यह संयंत्र इंडस्ट्री 5.0 सक्षम विनिर्माण प्रणाली से सुसज्जित है। इसमें डिजिटल तकनीक के माध्यम से रियल-टाइम निगरानी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित मानव-सहयोगी रोबोट, बेहतर उत्पादकता और ऊर्जा दक्षता पर विशेष जोर दिया गया है। पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए संयंत्र में शत-प्रतिशत नवीकरणीय बिजली के उपयोग का लक्ष्य भी निर्धारित किया गया है।
