गाजियाबाद में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में बाइक रैली, महिलाओं में उत्साह

गाजियाबाद। महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण माने जा रहे नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में आज गाजियाबाद महानगर में दुर्गा भाभी चौक से महारानी लक्ष्मीबाई चौक तक मातृशक्ति द्वारा भव्य बाइक रैली निकाली गई। इस रैली में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लेकर कानून के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ महिला आयोग सदस्य हिमानी अग्रवाल व महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया  इस कानून के माध्यम से लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित किया जाएगा, जिससे मातृशक्ति की राजनीतिक भागीदारी को मजबूती मिलेगी।

 

उन्होंने आगे कहा कि भारतीय जनता पार्टी सदैव अंत्योदय के सिद्धांत पर कार्य करती है और समाज के हर वर्ग को मुख्यधारा में लाने का प्रयास करती है। सरकार का लक्ष्य महिलाओं को राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।

 

पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पहले महिलाओं की भागीदारी को लेकर केवल वादे किए गए, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इसके विपरीत, वर्तमान सरकार ने संवैधानिक रूप से कानून बनाकर महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में ऐतिहासिक पहल की है।

 

रैली के दौरान महिलाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला तथा रानी लक्ष्मीबाई, महारानी दुर्गावती तथा अन्य वीरांगनाओं का वेश धारण कर महिला शक्ति ने प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए समाज के सभी वर्गों से इस अभियान का समर्थन करने की अपील की।

 

इस अवसर पर ऋचा भदौरिया, प्रीति चंद्रा, ऊषा चौधरी, शिरोमणि त्यागी, विदुषी बंसल, गौरव चोपड़ा, प्रदीप चौहान, राम त्यागी, सचिन डेढा आदि स्थानीय पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में महिला शक्ति ने भाग लिया।